अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को लगे झटके के बाद ईरान में उनके खिलाफ पोस्टर और वीडियो चर्चा में हैं. तेहरान के एंघेलाब चौक पर लगाए गए एक पोस्टर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सलाखों के पीछे दिखाया गया है. पोस्टर पर अंग्रेजी में ‘We Will Kill Trump’ यानी ‘हम ट्रंप को मार देंगे’ लिखा है. इसके अलावा इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की तस्वीरें भी इसमें शामिल की गई हैं.
तेहरान के पोस्टर में ट्रंप को दिखाया कैद
तेहरान के एंघेलाब चौक पर लगे पोस्टर में ट्रंप लोहे की सलाखों के पीछे खड़े नजर आ रहे हैं. उनके एक हाथ में सलाखें हैं और चेहरे पर उदासी दिखाई गई है. पोस्टर में नेतन्याहू की तस्वीर पर क्रॉस का निशान बनाया गया है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को भी इसमें जगह दी गई है. ईरान में इस पोस्टर को अमेरिकी चुनावी नतीजों के बाद ट्रंप और उनके सहयोगियों के खिलाफ राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
ईरानी दूतावास ने शेयर किया वीडियो
भारत स्थित ईरानी दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट से भी एक वीडियो साझा किया गया है. इसमें ट्रंप को खतरनाक कचरे वाले डस्टबिन में डालते हुए दिखाया गया है. वीडियो में कुछ डेमोक्रेटिक नेताओं को व्हाइट हाउस से ट्रंप को बाहर निकालते हुए दिखाया गया है. इसके बाद उन्हें डस्टबिन में डाल दिया जाता है. वीडियो के साथ ‘US Midterm Elections’ कैप्शन दिया गया है.
महंगाई को चुनावी झटके की बड़ी वजह बताया गया
एसोसिएटेड प्रेस के आकलन के मुताबिक, चुनाव में ट्रंप की पार्टी को नुकसान पहुंचने के पीछे महंगाई एक प्रमुख मुद्दा रही. अमेरिका में बढ़ती कीमतों से मतदाताओं की नाराजगी सामने आई. ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान महंगाई पर लगाम लगाने के कई वादे किए थे, लेकिन मतदाताओं के बीच इन वादों का अपेक्षित असर नहीं दिखा.
रिपोर्ट में ईरान के साथ तनाव और युद्ध से जुड़े हालात को भी महंगाई के दबाव से जोड़कर देखा गया है.
ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप का क्या रुख?
चुनावी नतीजों के बाद ट्रंप ने ईरान को लेकर अपने रुख पर भी बयान दिया है. फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि फिलहाल ईरान पर हमले की कोई योजना नहीं है. उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका पहले ईरान से बातचीत करेगा और उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.