अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप रामनगरी अपने दसवें दीपोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए पूरी तरह सजकर तैयार हो रही है। आयोजन की भव्यता को आकर्षक स्वरूप देने में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलाकार और स्थानीय नागरिक भी जुटे हैं। इसी क्रम में रामकथा पार्क के समीप मुख्य सड़क और होटल सरयू यात्री निवास के सामने का पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। इसी मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क स्थित मुख्य आयोजन स्थल में प्रवेश करेंगे। उनके स्वागत के लिए सड़क पर आकर्षक रंगोलियां उकेरी गई हैं, जो दीपोत्सव की सांस्कृतिक छटा को और निखार रही हैं। इन तस्वीरों में कमल का फूल, कलश और पारंपरिक दीपों की सुंदर कलाकृतियां सड़क पर सजीव हो रही हैं, जो उत्सव की भव्यता को दर्शाती हैं।
रंगोलियों में दिख रही भारतीय संस्कृति की झलक
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयार किए जा रहे इस मार्ग पर कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया है। सड़क को पेंटिंग बनाकर उस पर विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक आकृतियां बनाई जा रही हैं। कहीं मंगल कलश और स्वस्तिक के चिह्न भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं, तो कहीं विशाल कमल के फूल और दीपों की सुंदर आकृतियां लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। रंगों के आकर्षक संयोजन से तैयार हो रही ये कलाकृतियां रामनगरी के उत्सवी वातावरण को खास बना रही हैं। कलाकार बारीकी से प्रत्येक आकृति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय पूरा मार्ग आकर्षक नजर आए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। रामकथा पार्क के समीप सड़क पर उकेरी जा रही रंगोलियां भी इसी भव्य आयोजन का हिस्सा हैं। दीपों की जगमगाहट, पारंपरिक कलाकृतियों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से दसवां दीपोत्सव रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान देने की तैयारी में है।