देशभर में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच मशहूर गायक विशाल मिश्रा ने एक ऐसी पहल का ऐलान किया है, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। उन्होंने छठ के मौके पर अपने घर लौटने वाले श्रद्धालुओं की मदद करने का फैसला किया है। विशाल का कहना है कि हर साल लाखों लोग इस पर्व को मनाने के लिए अपने गांव और घर जाना चाहते हैं, लेकिन यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वह और उनकी टीम कोशिश करेंगे कि अधिक से अधिक लोगों को अपने परिवार के साथ छठ मनाने का अवसर मिल सके।
विशाल मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर किया बड़ा ऐलान
गायक विशाल मिश्रा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि हर साल छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को घर पहुंचने के लिए काफी मुश्किलों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने अपने संदेश में आगे कहा कि अगले साल से वह और उनके सभी साथी मिलकर यह प्रयास करेंगे कि जितने अधिक लोगों की मदद संभव हो, उतने लोगों को छठ के अवसर पर उनके घर पहुंचाया जा सके। विशाल ने लिखा, ‘कोई छठ महापर्व पर अपने परिवार से दूर न रह जाए, बस यही हमारा प्रयास रहेगा। जय छठी मइया!’ उनकी इस घोषणा को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। त्योहार के समय घर जाने के लिए ट्रेनों और बसों में होने वाली भीड़ के बीच उनकी यह पहल कई जरूरतमंद यात्रियों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
पहले भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए हैं विशाल मिश्रा
यह पहली बार नहीं है, जब विशाल मिश्रा ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की पहल की है। इससे पहले उन्होंने नेपाल और असम में संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी। इन कार्यक्रमों से होने वाली कमाई को उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दान करने का फैसला किया था। विशाल की इस पहल से साफ है कि वह संगीत के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी योगदान देना चाहते हैं।
‘इंडियन आइडल’ से शुरू हुआ था संगीत का सफर
विशाल मिश्रा आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने गायकों और संगीतकारों में शामिल हैं। हालांकि, यहां तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के ऑडिशन से की थी, लेकिन वह चयनित नहीं हो पाए थे। इसके बाद उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए मेहनत जारी रखी। साल 2016 में तमिल फिल्म ‘देवी’ के साथ उन्होंने संगीतकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। इसके अगले साल फिल्म ‘करीब करीब सिंगल’ के लिए उन्होंने ‘जाने दे’ गाने की धुन तैयार की, जिसे आतिफ असलम ने अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा उन्होंने ‘मुन्ना माइकल’ और मराठी फिल्म ‘एफयू: फ्रेंडशिप अनलिमिटेड’ के लिए भी संगीत तैयार किया।
सलमान खान के साथ भी कर चुके हैं काम
विशाल मिश्रा ने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के साथ भी कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है। साल 2018 में फिल्म ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ के गाने ‘रफ्ता रफ्ता’ के लिए उन्होंने संगीत तैयार किया था। इस गाने के वीडियो में सलमान खान भी खास भूमिका में नजर आए थे।इसके अलावा फिल्म ‘रेस 3’ के रोमांटिक गाने ‘सेल्फिश’ को भी विशाल ने कंपोज किया था। इस गाने के बोल सलमान खान ने लिखे थे और वह खुद भी इसमें नजर आए थे। वहीं, करीना कपूर खान, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया की फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ का टाइटल ट्रैक भी विशाल मिश्रा ने तैयार किया था। फिलहाल छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की मदद करने के उनके संकल्प ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है। उनकी इस पहल का मकसद साफ है कि त्योहार की खुशियां हर परिवार तक पहुंचें और कोई भी व्यक्ति आर्थिक या यात्रा संबंधी परेशानी के कारण अपनों से दूर न रहे।