उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। इस सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों से पार्टी के नेता, जनप्रतिनिधि और पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। दलित समाज से मिल रहे समर्थन को उन्होंने ऐतिहासिक बताया और दावा किया कि यह सम्मेलन बीजेपी की राजनीति को बड़ा झटका देने वाला साबित होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग खुद को राजनीति में मजबूत स्थिति में बताते थे, लेकिन अब पीडीए की बढ़ती ताकत से उनकी जमीन खिसकने वाली है। उन्होंने दावा किया कि दलित महासम्मेलन के जरिए बीजेपी को हमेशा के लिए सत्ता से बाहर करने की मुहिम को मजबूती मिलेगी।
‘दलित सम्मेलन से बीजेपी का होगा सफाया’
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी को जिस तरह का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि पीडीए की ताकत लगातार बढ़ रही है। बीजेपी के नेता बार-बार पीडीए की परिभाषा बदलने की कोशिश करते हैं, लेकिन जनता इस राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के फूल को हराने का काम रामजीलाल सुमन करेंगे। अखिलेश ने सम्मेलन को दलित समाज की राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि पीडीए में हर वह व्यक्ति शामिल है, जो अन्याय और भेदभाव का शिकार है।
‘बीजेपी सरकार में दलितों पर बढ़ा अत्याचार’
अखिलेश यादव ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब से बीजेपी सत्ता में आई है, तब से दलित समाज के खिलाफ अन्याय और भेदभाव की घटनाएं बढ़ी हैं। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की करीब 200 प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के हाथ में मौजूद संविधान का भी अपमान किया जा रहा है। अखिलेश ने बीजेपी के डबल इंजन सरकार के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि काशी में पार्टी को दोहरी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आगरा में सपा समर्थित प्रत्याशी को हराने के लिए कथित तौर पर पूरी ताकत लगाने का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, चुनाव के दौरान प्रत्याशी को अपमानित किया गया और उनके कपड़े तक फाड़े गए।
पेपर लीक और स्कूल बंद करने को लेकर भी घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं के पीछे बीजेपी से जुड़े लोग हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने के मामलों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा है और इसी वजह से शिक्षा मंत्री को भी पद से हटाना पड़ा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि पीडीए वर्ग के युवाओं को शिक्षा से दूर रखने के लिए 26 हजार स्कूल बंद कर दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार केवल स्कूलों को ही बंद नहीं कर रही, बल्कि सरकारी नौकरियों के अवसर भी लगातार खत्म हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कमजोर वर्गों को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियां इसके उलट दिखाई दे रही हैं।
सत्ता में आए तो सामाजिक न्याय और पुलिस सुधार पर होगा काम
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में कानून के साथ सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित की जाएगी। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। सपा प्रमुख ने कहा कि पुलिस व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि डायल 100 व्यवस्था को कमजोर कर दिया गया है। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी पुलिस सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी अखिलेश ने उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पतालों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज देने के बजाय निजी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। एंबुलेंस सेवाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश की व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया है और कई क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपने का काम हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और बेहतर कानून-व्यवस्था होगी। उन्होंने पीडीए की एकजुटता को आगामी राजनीतिक लड़ाई की सबसे बड़ी ताकत बताया।