उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209 के पास हुई। आगरा के एक स्कूल के बच्चे पिकनिक के लिए कौशांबी गए थे। मंगलवार सुबह सभी बच्चे बस से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चार बच्चों की मौत, 35 घायल; कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल बच्चों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 35 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। हादसे में सुरक्षित बचे बच्चों और स्कूल स्टाफ को उनके घर भेजने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था भी की गई।
एसपी ने क्या बताया?
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, स्कूल बस में करीब 50 छात्र और स्टाफ के सदस्य सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे आगरा से लखनऊ की ओर जा रही बस को किलोमीटर 209 के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर भेजने की व्यवस्था की गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस एक्सप्रेसवे के किनारे रुकी हुई थी और इसी दौरान पीछे से ट्रक ने उसे टक्कर मारी। एक घायल छात्र ने भी बताया कि बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस रोकी गई थी। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।