लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी काफी वक्त है, लेकिन प्रदेश की सियासत में सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है. एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है, तो दूसरी तरफ एनडीए में भी सहयोगी दलों के बीच दावेदारी सामने आने लगी है. आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) आमने-सामने नजर आ रही हैं. इस सीट पर ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे को चुनाव लड़ाना चाहते हैं, जबकि संजय निषाद भी अपनी दावेदारी छोड़ने के मूड में नहीं हैं.
बेटे को अतरौलिया से चुनाव लड़ाने की तैयारी में ओपी राजभर
अतरौलिया सीट को लेकर ओम प्रकाश राजभर की सक्रियता बढ़ गई है. वह यहां से अपने बेटे को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं. इसी रणनीति के तहत राजभर 26 नवंबर को अतरौलिया में एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं. ओपी राजभर का दावा है कि समाजवादी पार्टी को इस सीट पर सिर्फ उनकी पार्टी ही चुनौती दे सकती है और सपा को हराने की ताकत रखती है. दूसरी तरफ निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी अतरौलिया सीट पर अपना दावा पेश कर रहे हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने यहां से उम्मीदवार उतारा था, हालांकि उसे हार का सामना करना पड़ा था. इसके बावजूद पार्टी इस सीट पर अपनी दावेदारी बनाए हुए है. ऐसे में एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे से पहले ही सहयोगी दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई है.
अतरौलिया का जातीय समीकरण क्यों है अहम?
आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभाता है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, यहां करीब 68 हजार यादव, 53 हजार दलित, 48 हजार ब्राह्मण, 38 हजार क्षत्रिय, 35 हजार निषाद और 32 हजार मुस्लिम मतदाता हैं. यही वजह है कि इस सीट पर अलग-अलग राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है. ओपी राजभर और संजय निषाद दोनों ही इस सीट को अपने लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं.
अखिलेश यादव ने कसा तंज
एनडीए के सहयोगी दलों के बीच अतरौलिया सीट को लेकर चल रही खींचतान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तंज कसा है. उनका कहना है कि इस सीट को लेकर आपसी विवाद करने का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि अतरौलिया से समाजवादी पार्टी की जीत तय है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ओपी राजभर और संजय निषाद को किसी दूसरी सीट को लेकर अपनी दावेदारी करनी चाहिए.
सपा-कांग्रेस गठबंधन में भी सीटों पर रार
एनडीए में सीटों को लेकर शुरू हुई खींचतान के बीच सपा और कांग्रेस के बीच भी गठबंधन का गणित उलझा हुआ है. दोनों दलों के बीच अभी तक सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं हो पाया है. इसी बीच समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. सपा ने सहारनपुर की बेहट सीट से उमर अली खान और सहारनपुर ग्रामीण से आशु मलिक को टिकट दिया है. इसके अलावा शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है.
कांग्रेस की दावेदारी वाली सीटों पर भी सपा ने उतारे प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी सूची में सहारनपुर की दो ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस अपनी दावेदारी जता रही थी. सपा के इस कदम से कांग्रेस की नाराजगी बढ़ गई है. यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है. इमरान मसूद पहले ही कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. उनका कहना है कि कांग्रेस किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है. वहीं, सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने को कांग्रेस के लिए राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. कुल मिलाकर यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ही सीटों को लेकर सियासी समीकरण बनने और बिगड़ने लगे हैं. एक तरफ एनडीए में अतरौलिया सीट को लेकर सहयोगी दलों के बीच दावेदारी है, तो दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों का विवाद चुनौती बनता जा रहा है.