उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान बढ़ती नजर आ रही है. सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है. इस बीच कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने साफ कर दिया है कि पार्टी अपने राजनीतिक अस्तित्व से समझौता नहीं करेगी. उन्होंने 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावित चर्चा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इतनी ही सीटों पर चुनाव लड़ना है तो फिर इसका क्या फायदा?
60 सीटों पर समझौते को लेकर इमरान मसूद ने क्या कहा?
इमरान मसूद से जब कांग्रेस के 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि आखिर ऐसी स्थिति में चुनाव लड़ने का क्या मतलब रह जाएगा? क्या हम चुनाव का मजाक बना रहे हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अपना राजनीतिक वजूद कायम रखना है और संगठन को मजबूत बनाना है. पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे. मसूद के इस बयान को सपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच कांग्रेस के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है.
दरअसल, सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है. इसी बीच समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी है. दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से करीब 125 से 130 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखे जाने की खबरें हैं. सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं में नाराजगी बढ़ गई. इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने गठबंधन पर बातचीत के दौरान ही विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. इनमें सहारनपुर और बेहट जैसी सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस की नजर बताई जा रही थी. इमरान मसूद ने इस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन में उम्मीदवारों का फैसला आपसी सहमति से होना चाहिए. अगर कोई पार्टी अकेले ही उम्मीदवारों का ऐलान करने लगे तो फिर बातचीत का क्या मतलब रह जाता है?
इमरान मसूद से बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि गठबंधन का फैसला उन्हें करना है. सभी राजनीतिक दल अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता बीजेपी की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई है. मसूद ने राहुल गांधी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को चुनौती देने के लिए राहुल गांधी अहम भूमिका निभा रहे हैं.
क्या सपा-कांग्रेस गठबंधन में बढ़ेगी दूरी?
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है. एक तरफ अखिलेश यादव की पार्टी सीटों के बंटवारे में जीत की संभावना को प्राथमिकता दे रही है, वहीं कांग्रेस अपने संगठन और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रही.