लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ लखनऊ में आयोजित संयुक्त रैली में बड़ा बयान दिया. उन्होंने मंच से कहा कि अब्दुल केवल नेताओं के लिए दरी बिछाने का काम नहीं करेगा, बल्कि प्रदेश का डिप्टी सीएम भी बनेगा. उनके इस बयान को मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में संविधान दिवस के अवसर पर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित की गई. इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अब राजनीति में केवल भीड़ जुटाने और नेताओं के लिए दरी बिछाने का दौर नहीं चलेगा. समाज के लोगों को सत्ता में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी. उन्होंने कहा कि अब लड़ाई केवल हिस्सेदारी की नहीं, बल्कि सत्ता में भागीदारी की है. रैली में उनके इस बयान पर समर्थकों ने जमकर उत्साह दिखाया.
रैली से पहले मैदान में लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग भी चर्चा का विषय बने रहे. इन पर लिखा था कि ‘दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा.’ इसके जरिए गठबंधन ने दलित और मुस्लिम समुदाय को सत्ता में भागीदारी देने का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की. इस रैली में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने एक साथ मंच साझा किया. दोनों नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के जरिए प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प पेश करने का दावा किया.
गौरतलब है कि 12 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन का ऐलान किया था. गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है. दोनों दलों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है.