बैग की तलाशी में मिले तीन देसी बम
जानकारी के मुताबिक, घटना 26 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे की है. स्कूल में नियमित चेकिंग के दौरान शिक्षकों ने आठवीं कक्षा के एक छात्र के बैग की तलाशी ली. इसी दौरान बैग में तीन देसी बम मिले. शिक्षकों ने तत्काल स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पूरे मामले की जांच शुरू हुई.
सहपाठी से विवाद के बाद बनाए थे बम
पूछताछ के दौरान छात्र ने कथित तौर पर बताया कि उसने ये बम खुद तैयार किए थे. बताया जा रहा है कि कक्षा में पढ़ने वाले एक साथी के साथ उसका विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते वह बम लेकर स्कूल पहुंचा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र का इरादा अपने सहपाठी को डराने का था. हालांकि, पुलिस इस बात की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बाल सुधार गृह भेजा गया नाबालिग छात्र
स्कूल के उप-प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. डीसीपी सागर जैन के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र को विस्फोटक सामग्री कहां से मिली और उसे इस तरह के उपकरण बनाने की जानकारी किसने दी. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग छात्र को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया. इसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और नाबालिगों तक विस्फोटक सामग्री की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.