नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है।
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की है। नई कीमतें बुधवार से लागू हो गई हैं, जिससे खासतौर पर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में अब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये पहुंच गई है। इससे पहले भी 1 मार्च को इसके दाम में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, यानी लगातार दूसरे महीने कीमतों में इजाफा हुआ है।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। आखिरी बार 7 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये बनी हुई है।
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति के आधार पर LPG और ATF के दाम तय करती हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 फीसदी तक उछाल देखा गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। फिलहाल इनके दाम स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।