न्यूयार्क। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क एक बार फिर से पिता बने हैं। एलन मस्क अब 14 बच्चों के पिता हो गए हैं। नवजात के जन्म की जानकारी उनकी पार्टनर शिवोन जिलिस ने एक्स पर अपने पोस्ट में दी, जिसे मस्क ने कन्फर्म भी कर दिया है। इस बच्चे का नाम उन्होंने सेल्डन लाइकर्गस रखा है। आपको बता दें कि उनकी पार्टनर उनकी कंपनी न्यूरालिंक की एक्जीक्यूटिव हैं। इनसे मस्क को पहले से ही तीन बच्चे हो चुके हैं.
बता दें, शिवोन ने मस्क के साथ आईवीएफ तकनीक की मदद से साल 2021 में स्ट्राइड और एजुर को जन्म दिया था. 2024 में उनके तीसरे बच्चे आर्केडिया का जन्म हुआ। आर्केडिया के जन्म के भी कई महीनों बाद इसकी जानकारी साझा की गई थी। अब उन्होंने चौथे बच्चे के जन्म का ऐलान किया।
पहली पत्नी से पांच बच्चे
मस्क और उनकी पहली पत्नी जस्टिन विल्सन से पांच बच्चे हैं। इनमें ग्रिफिन और विवियन तो जुड़वा बच्चे हैं। बाकी बच्चों के नाम काइ, डेमियन और सैक्सन हैं। मस्क और विल्सन के पहले बच्चे नेवादा ने जन्म के 10 सप्ताह बाद ही दम तोड़ दिया था। बीमारी से उनकी मौत हो गई थी। इसके अलावा, सिंगर ग्रिम्स ने साल 2020 में मस्क के तीन और बच्चों को जन्म दिया। हालांकि, ये बच्चे सेरोगेसी की मदद से पैदा हुए थे।