इंडिया टुडे समूह में संपादक और डिजिटल प्लेटफॉर्म द लल्लनटॉप के संस्थापक संपादक सौरव द्विवेदी ने अपने पद से इस्तीफा देकर यहां से विदाई ले ली है। सौरव द्विवेदी लंबे समय से इंडिया टुडे समूह से जुड़े रहे हैं और उनके नेतृत्व में द लल्लनटॉप ने हिंदी डिजिटल मीडिया में एक अलग और मजबूत पहचान बनाई।
अपने इस फैसले की जानकारी सौरव द्विवेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर दो पोस्ट के जरिए दी। पहले पोस्ट में उन्होंने द लल्लनटॉप से अलग होने की पुष्टि की, जबकि दूसरे पोस्ट में उन्होंने अपने भविष्य की नई शुरुआत के संकेत दिए।
पहले पोस्ट में सौरव द्विवेदी ने लिखा, “शुक्रिया द लल्लनटॉप. पहचान, सबक और हौसले के लिए। और शुभकामनाएँ भविष्य के लिए. अपना साथ यहां समाप्त होता है. अध्ययन अवकाश और फिर आगे के संकल्प की बात करूंगा. आप सबने भी बहुत सिखाया. शुक्रिया।
इसके बाद उन्होंने एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा,“एक अल्पविराम के बाद नई यात्रा की तैयारी। फिलहाल, सौरव द्विवेदी के द लल्लनटॉप से अलग होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, उनके अगले कदम को लेकर मीडिया जगत में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। उनके फैसले को हिंदी डिजिटल पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।