नई दिल्ली। विपक्ष द्वारा अक्सर केंद्र की मोदी सरकार को रोजगार के मुद्दे पर घेरा जाता रहा है, सरकार अब इस संकट को दूर करने की योजना पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अगले डेढ़ सालों में ही केंद्र सरकार के तमाम विभागों में 10 लाख खाली पदों पर भर्ती की जाएगी।
पीएमओ इंडिया अकाउंट से इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्वीट किया गया है, ‘पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी मंत्रालयों एवं विभागों में मानव संसाधन की समीक्षा की है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को आदेश दिया है कि अगले डेढ़ सालों में इस पर मिशन मोड में काम किया जाए और 10 लाख लोगों को भर्ती किया जाए।’
मोदी सरकार पर अकसर रोजगार न दे पाने का आरोप लगाता रहा है। खासतौर पर नोटबंदी, जीएसटी और फिर कोरोना काल में अर्थव्यवस्था की विकास दर धीमी होने के चलते निजी क्षेत्र में भी नौकरियों के अवसर ज्यादा नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में मोदी सरकार का यह ऐलान सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।
2020 में ही खाली थे करीब 9 लाख पद, लंबे समय बाद होगी इतनी भर्ती
बीते साल केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में बताया था कि केंद्र सरकार के विभागों में 1 मार्च, 2020 तक 8.72 लाख पद खाली थे। साफ है कि फिलहाल यह आंकड़ा बढ़कर 10 लाख के करीब हो गया होगा।
2016-17 से 2020-21 के दौरान भर्तियों का आंकड़ा देते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा था कि SSC में कुल 2,14,601 कर्मचारी भर्ती किए गए हैं। इसके अलावा RRB ने 2,04,945 लोगों को नियुक्ति दी है। UPSC ने भी 25,267 उम्मीदवारों का चयन किया है।