नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ग्रुप डी परीक्षा की 14 अक्टूबर को जारी आंसर-की पर उम्मीदवार कल बुधवार, 19 अक्टूबर 2022 तक अपनी आपत्तियां सबमिट कर सकते हैं।
बता दें कि आरआरसी लेवल 1 के 1 लाख से अधिक पदों पर भर्ती के लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया के अंतर्गत फर्स्ट राउंड में 17 अगस्त से 11 अक्टूबर तक आयोजित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के लिए प्रोविजनल आंसर-की बोर्ड द्वारा हाल ही में 14 अक्टूबर को जारी किए गए थे।
बोर्ड ने उम्मीदवारों से इन अनौपचारिक आंसर-की पर आपत्तियों को भी आमंत्रित किया था, जिसके आखिरी तारीख कल बुधवार, 19 अक्टूबर 2022 को समाप्त होने जा रही है। जिन उम्मीदवारों को रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आंसर-की पर कोई आपत्ति है तो वे इस कल रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं।
कहां दर्ज कराएं ग्रुप डी आंसर-की पर आपत्ति?
उम्मीदवारों को रेलवे ग्रुप डी (आरआरसी लेवल 1) सीबीटी के आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अपने सम्बन्धित जोन के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर विजिट करना होगा। इसके बाद सम्बन्धित भर्ती (CEN RRC-01/2019) के लिंक पर क्लिक करना होगा।
फिर नये पेज पर उम्मीदवारों को आंसर-की पर आपत्ति से सम्बन्धित लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी पंजीकरण संख्या व जन्म-तारीख भरकर सबमिट करनी होगी।
इस प्रकार लॉग-इन के बाद उम्मीदवार विभिन्न प्रश्न के लिए जारी आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। साथ ही, उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न 50 रुपये की दर से शुल्क का भुगतान करना होगा, जिसे ऑनलाइन माध्यमों से भरा जा सकेगा।
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए निर्धारित समयावधि व शुल्क के साथ प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी (आरआरसी लेवल 1) सीबीटी फाइनल आंसर-की जारी करेगा और इसके साथ ही परिणामों की भी घोषणा की जाएगी।