मुंबई। साल 2018 में सोशल मीडिया पर हैशटैग मीटू के माध्यम से अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने कई बड़े खुलासे किए थे। इसके बाद से तनुश्री लगातार अपने पोस्ट और इंटरव्यू के जरिए बॉलीवुड माफिया पर बोल रही हैं। अब तनुश्री दत्ता ने अपने लेटेस्ट पोस्ट से बॉलीवुड के गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें तनुश्री ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कई लोग उन्हें टारगेट कर रहे हैं। तनुश्री दत्ता ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लंबा चौड़ा कैप्शन लिखा है, जिसमें उन्होंने नाना पाटेकर से लेकर सुशांत सिंह राजपूत तक का जिक्र किया है।
अभिनेत्री ने लिखा, ‘अगर मुझे कभी कुछ होता है तो बता दें कि #मीटू आरोपी नाना पाटेकर, उनके वकील, सहयोगी और उनके बॉलीवुड माफिया दोस्त जिम्मेदार हैं! कौन है बॉलीवुड माफिया? वही लोग जिनके नाम एसएसआर मौत के मामले में बार-बार सामने आए। (ध्यान दें कि सभी के पास एक ही आपराधिक वकील है)।’
इसके आगे तनुश्री दत्ता ने लिखा, ‘उनकी फिल्में न देखें। उनका पूरी तरह से बहिष्कार करें। उन सभी इंडस्ट्री के चेहरे और पत्रकारों के पीछे जाओ, जिन्होंने मेरे और पीआर के बारे में फर्जी खबरें फैलाई हैं।
वह भी उन लोगों के साथ अभियान में जुड़े हुए हैं। सबके पीछे पड़ जाओ। उनके जीवन को नर्क बना दो क्योंकि उन्होंने मुझे बहुत परेशान किया! कानून और न्याय ने भले ही मुझे फेल कर दिया है लेकिन मुझे इस महान राष्ट्र के लोगों पर विश्वास है।’