मुम्बई। गुलशन कुमार का नाम देश में संगीत क्रांति लाने के लिए जाना जाता है। कभी हिंदी फिल्मों में हीरो बनने आए गुलशन कुमार, जिन्होनें बाद में देश की सबसे बड़ी म्यूजिक कंपनी ‘टी-सीरीज’ को स्थापित किया, उनकी बायोपिक ‘मुगल’ में आमिर ख़ान मुख्य किरदार निभाने वाले थे लेकिन अब ख़बर आ रही हैं कि निर्माता भूषण कुमार ने फिल्म पर पूर्ण विराम लगा दिया है।
दरअसल, टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के बेटे भूषण कुमार अपने पिता के म्यूजिक मुगल बनने की कहानी पूरी दुनिया को दिखाना चाहते थे। बताया जाता है कि गुलशन कुमार भी खुद को म्यूजिक मुगल कहलाना पसंद करते थे। इस बायोपिक को जॉली एलएलबी 2 फेम निर्देशक सुभाष कपूर डायरेक्ट करने वाले थे, सुभाष कपूर ने ही फिल्म की स्क्रिप्ट भी लिखी थी।
आमिर खान की बहुचर्चित फिल्म लाल सिंह चड्ढा’ के बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह धराशायी होने के बाद भूषण कुमार ने फिल्म को बंद कर दिया है और सुभाष कपूर ने भी अपनी अगली फिल्म जॉली एलएलबी 3 पर काम शुरु कर दिया है।
बता दें कि फिल्म का पहला पोस्टर 15 मार्च 2017 को जारी किया गया था। इसके लिए पाँच साल पहले अक्षय कुमार को अप्रोच किया गया था लेकिन प्रोफिट के बँटवारे को लेकर अक्षय और भूषण के बीच बात बन नहीं पाई। इस कारण अक्षय कुमार ने ‘मुगल’ में काम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद फिल्म में गुलशन कुमार के किरदार के लिए आमिर ख़ान को अप्रोच किया गया जिसके लिए उन्होनें हाँ कह दिया था।
फिल्म को लेकर आमिर की टीम का कहना था कि वह ‘लाल सिंह चड्ढा’ का काम खत्म करने के बाद ‘मुगल’ पर काम शुरू करने वाले थे। लेकिन, इस फिल्म में पैसा लगा रही कंपनी टी-सीरीज ने इसकी शूटिंग अनिश्चित काल के लिए टाल दी है