नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक है। सीने में दर्द होने और जिम में कसरत के दौरान गिर जाने के बाद उन्हें कल एम्स में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। सूत्रों के मुताबिक, एंजियोप्लास्टी के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली के एक होटल में रुके राजू श्रीवास्तव कल बुधवार को जिम में वर्क आउट कर रहे थे। तभी उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह ट्रेडमिल पर गिर पड़े। राजू को तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। राजू की हालत नाजुक बनी हुई है। राजू के दिल की धमनियों में कई ब्लॉकेज हैं। जब से राजू के बीमार होने की खबर सामने आई है, उनके करोड़ों फैंस में निराशा है और सभी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, शक्तिमान जैसे टीवी शो के अलावा राजू श्रीवास्तव ने कई हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। 58 साल के राजू श्रीवास्तव भाजपा के नेता व उप्र फिल्म विकास निगम के चेयरमैन भी हैं।