मुंबई। 200 करोड़ रुपये ठगी के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर व बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के संबंधों को लेकर चर्चा का बाजार गर्म हैं। बीते दिनों इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने एक्ट्रेस को आरोपी बनाया था। अब इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जैकलीन ने कहा कि आरोपी सुकेश चंद्रशेखर से उपहार लेने वाली अन्य हस्तियों को गवाह बना लिया गया है, जबकि उन्हें एक आरोपी बना दिया गया है।
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने हमेशा जांच एजेंसियों के साथ सहयोग किया है और वह जारी हुए सभी समन के बाद पूछताछ में शामिल हुई हैं।जैकलीन ने कहा कि उनके पास जो भी जानकारियां थी, उन्होंने सब ईडी को सौंप दी लेकिन ईडी नहीं समझ पाई कि मैं मुख्य आरोपी चंद्रशेखर द्वारा अपनाए गए तौर-तरीकों का शिकार हूं। एक्ट्रेस ने ये सभी बात अपीलकर्ता प्राधिकरण के समक्ष अपनी याचिका में कही है।
अपने जवाब में एक्ट्रेस ने आगे लिखा कि ईडी से उनके साथ अलग व्यवहार किया है। मेरी ही तरह नोरा फतेही को भी मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने धोखा दिया था। सुकेश की तरफ से जितनी भी हस्तियों को उपहार मिले थे, उन्हें निदेशालय ने गवाह बनाया, जबकि उन्हें एक आरोपी के रूप में नामित किया। यह सारा वाक्या जांच एजेंसी की ओर से एक दुर्भावनापूर्ण और पक्षपातपूर्ण नजरिए को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं।”
गौरतलब है कि ठग सुकेश चंद्रशेखर पर 215 करोड़ रुपये की जबरन वसूली करने के आरोप लगे हैं। इस मामले की जांच के दौरान अभिनेत्री जैकलीन का नाम सामने आया। यह भी खुलासा हुआ कि एक्ट्रेस ने सुकेश से कई महंगे गिफ्ट लिए थे। इसके बाद एक्ट्रेस पर कार्रवाई करते हुए ईडी ने एक्ट्रेस की 7 करोड़ रुपये की संपत्ति को भी कुर्क कर लिया है।