मुंबई। रविवार का दिन निर्माता और अभिनेता सलमान खान के लिए खास अच्छी खबर लेकर नहीं आया। उनकी नई फिल्म किसी का भाई किसी की जान (KKBKKJ) ने शनिवार को टिकट खिड़की पर ईद के दिन चाहने वालों का जो सैलाब देखा था, उसके मुकाबले रविवार को कोई खास बढ़ोत्तरी नहीं हुई।
फिल्म KKBKKJ ने पहले दिन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शनिवार को राहत की सांस ली थी। फिल्म का कारोबार इस दिन 92 फीसदी से ज्यादा उछला था लेकिन रविवार को ये बढ़त सिर्फ पांच फीसदी ही हो सकी।
फिल्म का पहले वीकएंड का कलेक्शन 65 करोड़ रुपये के करीब आकर अटक गया है, जो सलमान खान की ब्रांड वैल्यू और फिल्म की लागत व प्रचार में हुए खर्च के लिहाज से काफी कम है।
टॉप 10 लिस्ट में शामिल होने से चूकी
KKBKKJ पहले सप्ताहांत पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली सलमान खान की फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में शामिल होने से चूक गई है। पहले वीकएंड पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली सलमान की ये 14वीं फिल्म हैं।
इस लिस्ट में 13वें नंबर पर अब तक फिल्म ‘जय हो’ रही जिसने साल 2014 में रिलीज के पहले वीकएंड पर 60.68 करोड़ रुपये कमाए थे। इससे ऊपर 2017 में रिलीज फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ 64.77 करोड़ रुपये के साथ 12वें नंबर पर और फिल्म ‘दबंग 2’ पहले वीकएंड पर 65 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 11वें नंबर पर मौजूद रही है।
तीन दिन में कमाए 64.25 करोड़
फिल्म KKBKKJ ने अब तक मिले आंकड़ों के मुताबिक पहले तीन दिन में करीब 65 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म ने 13 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन फिल्म ने 25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि रविवार को फिल्म का कलेक्शन करीब 27 करोड़ रहा।