Manj Musik उर्फ मंजीत सिंह राल लंदन में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चोटों की गंभीरता के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के चलते मंज म्यूजिक को अपनी मुंबई यात्रा रद्द करनी पड़ी है। वह 2026 के Zee Cine Awards में लाइव परफॉर्मेंस देने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह अपने सुपरहिट गानों और भांगड़ा-अर्बन हिप-हॉप फ्यूजन से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करने वाले थे।मंज म्यूजिक ‘स्वैग मेरा देसी’ और ‘लाल घाघरा’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जाने जाते हैं। ब्रिटिश-भारतीय संगीत आइकन के रूप में उन्होंने देसी बीट्स को इंटरनेशनल साउंड के साथ जोड़कर एक अलग पहचान बनाई है।
आरडीबी से सोलो करियर तक का सफर
मंजीत सिंह राल का जन्म ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में हुआ। उन्होंने अपने भाइयों के साथ मिलकर मशहूर बैंड RDB (रिदम, ढोल, बेस) की स्थापना की थी। इस ग्रुप ने 2000 के दशक में भांगड़ा और अर्बन म्यूजिक के अनोखे फ्यूजन से खास पहचान बनाई। अपने शुरुआती दिनों में वह गुरुद्वारों में परफॉर्म किया करते थे। बाद में आरडीबी के जरिए उन्होंने बॉलीवुड और इंटरनेशनल म्यूजिक इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बनाई।
साल 2012 में बड़े भाई कुलदीप सिंह राल उर्फ कुली के निधन के बाद ग्रुप को बड़ा झटका लगा। इसके बाद मंज ने 2014 में सोलो करियर की शुरुआत की और अपना लेबल ‘म्यूजिक वन ग्लोबल’ लॉन्च किया। उन्होंने बॉलीवुड में भी कई हिट गाने दिए और प्रवासी भारतीय संगीत को नई दिशा दी। फिलहाल, उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।