मुंबई। रणवीर सिंह को मिली धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हरिचंद्र उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। हैरी बॉक्सर पर अभिनेता से 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और गंभीर धमकी देने का आरोप है।
मैनेजर को मिला था धमकी भरा वॉइस नोट
पिछले दिनों रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट प्राप्त हुआ था। इसमें खुद को हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने 20 करोड़ रुपये की मांग की और अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। यह संदेश एक अमेरिकी नंबर से भेजा गया था, जिससे जांच एजेंसियां सतर्क हो गईं।
फोरेंसिक जांच में आवाज की पुष्टि
क्राइम ब्रांच ने वॉइस नोट को सत्यापन के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस के पास भेजा था। फोरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि वॉइस नोट में सुनाई दे रही आवाज हैरी बॉक्सर की ही है। जांच में यह भी सामने आया कि संदेश भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया, ताकि असली लोकेशन छिपाई जा सके।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश तेज
मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपी कनाडा में छिपा हो सकता है। अमेरिकी एजेंसियों से भी नंबर की डिटेल और लोकेशन संबंधी जानकारी जुटाने के लिए संपर्क किया गया है। एलओसी जारी होने के बाद अब आरोपी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया आसान होगी।
सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी के बाद रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनके आवास के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और साइबर सेल संयुक्त रूप से कर रही हैं।