मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे हैमरेज की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी की।
अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है, लेकिन एहतियातन उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जलील पारकर के अनुसार, “उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।”
खबर मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे। बेटे सलमान खान सहित अन्य करीबी परिजन वहां मौजूद रहे। वहीं अभिनेता संजय दत्त और गीतकार-लेखक जावेद अख्तर भी हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। गौरतलब है कि सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ‘सलीम-जावेद’ के नाम से मशहूर रही, जिसने 1970 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा की दिशा बदल दी। इस जोड़ी ने ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘ज़ंजीर’ और ‘त्रिशूल’ जैसी सुपरहिट फिल्मों की पटकथा लिखकर इतिहास रच दिया था। फिलहाल फिल्म जगत और प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।