मुंबई। मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और उद्योगपति संजय कपूर की मां रानी कपूर ने उनके बेटे की हालिया मृत्यु को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रानी कपूर ने दावा किया है कि लंदन में पिछले महीने एक पोलो मैच के दौरान संजय कपूर की अचानक हुई मौत को “सिर्फ दिल का दौरा” बताना सच्चाई से कोसों दूर है। उनके अनुसार, यह घटना जितनी सामान्य दिख रही है, असलियत उससे कहीं अधिक चौंकाने वाली हो सकती है।
रानी कपूर के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने कहा कि उनकी मुवक्किल न केवल एक दुखी मां हैं, बल्कि कपूर परिवार और सोना ग्रुप की प्रमुख भी हैं। उन्होंने इस बात पर नाराज़गी जताई कि संजय की मौत को महज एक आकस्मिक घटना बताकर बंद करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि जब तक वास्तविक सच्चाई सामने नहीं आ जाती, रानी कपूर शांत नहीं बैठेंगी।