भारतीय टी20 टीम के उभरते हुए स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद आध्यात्मिक यात्रा की। शुक्रवार को वह जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे और माता के दरबार में माथा टेककर टीम की ऐतिहासिक जीत और अपनी शानदार वापसी के लिए आभार व्यक्त किया।
25 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने अपनी इस यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरों में अभिषेक सफेद कुर्ता-पायजामा पहने और माथे पर तिलक लगाए नजर आए। भक्ति भाव में डूबे अभिषेक ने हाथ जोड़कर माता के दरबार में प्रार्थना की और तस्वीर के साथ सरल शब्दों में कैप्शन लिखा – ‘जय माता दी।’
फाइनल में खेली धमाकेदार पारी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले तक अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उन्हें टीम से बाहर करने की चर्चा भी तेज हो गई थी। हालांकि, अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में अभिषेक ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
‘एक समय खुद पर शक होने लगा था’
मैच के बाद अपनी भावनाएं साझा करते हुए अभिषेक ने कहा कि कठिन दौर में टीम मैनेजमेंट का भरोसा उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने कहा, “कोच और कप्तान ने मुझ पर भरोसा बनाए रखा। सच कहूं तो एक समय ऐसा भी आया जब मुझे खुद पर शक होने लगा था। यह टूर्नामेंट मेरे लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। अपने करियर में मैंने पहले कभी ऐसा दौर नहीं देखा था। यह मेरा पहला वर्ल्ड कप था और दबाव भी बहुत ज्यादा था।” भारत ने इस फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया।