चेन्नई। भारत में रमज़ान 19 फरवरी को शुरू हुआ, और इसी दिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में अफगानिस्तान और कनाडा के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुकाबला हुआ। इस मैच का एक खास मोमेंट तब सामने आया जब अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने बीच मैदान में रोज़ा खोला।
अफगानिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रहमतुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान के साथ शुरुआत की। 5.3 ओवर में जसकरन सिंह की गेंद पर गुरबाज 30 रन बनाकर आउट हुए, और उसी समय ड्रिंक्स ब्रेक हुआ। इस दौरान फजलहक फारूकी मैदान में दौड़ते हुए आए और इब्राहिम जादरान के पास इफ्तार की प्लेट रखी। जादरान ने फलों से रोज़ा खोला और तुरंत बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी।
इब्राहिम जादरान ने 56 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 95 रन बनाए और अफगानिस्तान को 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन तक पहुँचाया। इस पारी के दम पर अफगानिस्तान ने कनाडा के सामने विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में कनाडा की टीम 8 विकेट खोकर केवल 118 रन ही बना सकी, और राशिद खान की कप्तानी में अफगानिस्तान ने मैच 82 रन से जीत लिया। सोशल मीडिया पर जादरान की इस फेथ और समर्पण की जमकर तारीफ हो रही है। एक यूजर ने लिखा, “अफगान क्रिकेटर हमेशा रमज़ान की भावना का सम्मान करते हैं। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर भी रोज़ा रखना, और फिर नाबाद 95 रन बनाना उन्हें सच्चा स्टार और देश के लिए प्रेरणा बनाता है।”