दुबई। दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के ग्रुप मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी। इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम हर तरफ आलोचना झेल रही है। इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का बयान चर्चा में आ गया है।
गावस्कर ने मैच के बाद पाकिस्तान टीम को कमजोर बताते हुए उसे ‘पोपट टीम’ करार दिया। उन्होंने कहा कि वह 1960 से पाकिस्तान क्रिकेट को देखते आ रहे हैं, लेकिन इतनी कमजोर टीम उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बातचीत के दौरान गावस्कर ने याद किया कि कैसे उन्होंने बचपन में चर्चगेट स्टेशन से दौड़कर ब्रेबॉर्न स्टेडियम जाकर पहली बार पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज हनीफ मोहम्मद को खेलते देखा था। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय में पाकिस्तान टीम को कई बार मजबूत रूप में देखा, लेकिन मौजूदा हालात में यह टीम पहचान में ही नहीं आ रही है।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ बड़े मुकाबलों में भी नीली जर्सी वाली टीम का दबदबा साफ रहा है:
2025 चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की
2024 टी20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया 6 रन से विजयी रही
2023 वनडे वर्ल्ड कप: भारत ने 7 विकेट से बाजी मारी
2023 एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों से हराया