नई दिल्ली। 27 अगस्त से दुबई में शुरू होने वाले एशिया कप में कई भारतीय क्रिकेटरों के पास इतिहास रचने का मौका है। कप्तान रोहित शर्मा को भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से सिर्फ 89 पीछे हैं।
रोहित ने टूर्नामेंट में अबतक 883 रन बनाए हैं और उन्हें टूर्नामेंट में 1000 रन बनाने वाला तीसरा खिलाड़ी बनने के लिए 117 रनों की जरूरत है। श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या और कुमार संगकारा टूर्नामेंट में 1000 से ज्यादा रन बान चुके हैं।
वहीं टीम इंडिया के स्टार स्पिनर रविंद्र जडेजा एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन सकते हैं। जडेजा ने अब तक 22 विकेट लिए हैं जबकि श्रीलंका के लसिथ मलिंगा 4.70 की इकॉनमी रेट से 15 मैचों में 33 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं। जडेजा को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 12 विकेट की जरूरत है। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले शीर्ष 10 गेंदबाजों में दो भारतीय शामिल हैं। जडेजा के अलावा इरफान पठान ने भी 22 विकेट लिए हैं।
रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया की निगाहें आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीतने पर होंगी। भारतीय कप्तान के लिए टूर्नामेंट और भी खास हो सकता है। वह कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
रोहित टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं, इसके लिए उन्हें 338 रनों की जरूरत होगी। भारत टूर्नामेंट में अधिकतम छह मैच खेल सकता है। एशिया कप में भारत का अभियान 28 अगस्त को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के साथ शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अगस्त से होगी।