ICC Men’s T20 World Cup 2026 में इंग्लैंड ने इतिहास रच दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर इंग्लिश टीम लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। श्रीलंका के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर अंतिम-चार में अपनी जगह पक्की की। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार शतक जड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दबाव भरे मुकाबले में उनकी कप्तानी पारी ने टीम को जीत दिलाई और इंग्लैंड टूर्नामेंट की पहली सेमीफाइनलिस्ट बन गई।
इंग्लैंड ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने T20 विश्व कप के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया। टीम 2016 से लगातार 2021, 2022, 2024 और अब 2026 तक हर संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंची है। इससे पहले कोई भी टीम लगातार चार से अधिक बार अंतिम-चार में नहीं पहुंच सकी थी। पाकिस्तान (2007, 2009, 2010, 2012) और श्रीलंका (2009, 2010, 2012, 2014) ने लगातार चार-चार बार सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
इंग्लैंड का यह सफर 2016 में फाइनल तक पहुंचने से शुरू हुआ था, जहां उसे वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा। 2021 में टीम न्यूजीलैंड से सेमीफाइनल में पराजित हुई, जबकि 2022 में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। 2024 में भारत ने उसे अंतिम-चार में रोका, लेकिन 2026 में टीम ने फिर दमदार वापसी की है।
हैरी ब्रूक का ऐतिहासिक शतक
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हैरी ब्रूक ने व्यक्तिगत उपलब्धि भी हासिल की। वह T20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले इस टूर्नामेंट में 13 शतक लगाए जा चुके थे, लेकिन किसी भी कप्तान ने तीन अंकों का आंकड़ा पार नहीं किया था। इससे पहले कप्तान के रूप में सर्वोच्च स्कोर क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2010 में 98 रन बनाए थे।लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड अब खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है और उसकी नजरें फाइनल पर टिकी हैं।