दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत रही। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे तेज टीम शतक लगाने का नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। भारत ने नामीबिया के खिलाफ सिर्फ 6.5 ओवर यानी 41 गेंदों में 100 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले नीदरलैंड्स ने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 42 गेंदों (7 ओवर) में 100 रन बनाए थे। भारत का यह रिकॉर्ड टूर्नामेंट इतिहास का सबसे तेज टीम शतक बन गया।
ईशान और संजू ने दिलाई तूफानी शुरुआत
नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में ईशान किशन और संजू सैमसन ने टीम को धमाकेदार शुरुआत दी। सैमसन ने महज 8 गेंदों पर 22 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। दूसरी ओर ईशान किशन ने 24 गेंदों पर 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े। ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले के भीतर अर्धशतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले रोहित शर्मा और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
पावरप्ले में बना नया रिकॉर्ड
भारत ने पावरप्ले के छह ओवर में ही 86 रन बना लिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। इतना ही नहीं, इस टूर्नामेंट में अब तक किसी भी टीम का यह सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 93 रन से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।