कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का विरोध कर रहे पहलवानों के समर्थन में अब किसान नेता भी जुड़ गए हैं। इसी कड़ी में आज कुरुक्षेत्र में महापंचायत रखी गई, जिसमें खाप पंचायत के सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि,ये पता नहीं चल पाया है कि आपस में विवाद किस बात को लेकर हुआ।
टिकैत ने की शांत कराने की कोशिश
मामला जब ज्यादा बढ़ गया तो किसान संयुक्त मोर्चा के नेता राकेश टिकैत को खड़े होकर लोगों को शांत कराने की कोशिश की। इससे पहले राकेश टिकैत ने कहा, “सरकार खाप पंचायतों के फैसले पर नजर लगाए हुए है। उप्र में कहा गया था कि कुरुक्षेत्र में पंचायतों की ओर से फैसला लिया जाएगा। ऐसे में आज हर हाल में यहां से फैसला लेकर ही उठा जाएगा।”
महिला खिलाड़ी रखेंगी अपना पक्ष
ऐसी खबर है कि महापंचायत में फैसले को लागू करने से पहले महिला खिलाड़ियों से पूछा जाएगा, इसके बाद महिला खिलाड़ी आगे चलेंगी और खाप पंचायत उनके साथ खड़ी रहेगी। राकेश टिकैत ने ये भी कहा है कि गांव-गांव में आंदोलन किया जाएगा। बेटियों को न्याय दिलाने के लिए गांव-गांव में धरना देना होगा।
राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे खाप प्रतिनिधि
इससे पहले बीते दिन राकेश टिकैत ने एलान किया था कि खाप प्रतिनिधि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शुक्रवार को मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा था कि खाप और प्रदर्शनकारी पहलवानों की हार नहीं होगी। साथ ही किसान नेता ने कुरुक्षेत्र में फैसले लिए जाने की बात भी कही थी।