बेंगलुरु। रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला मप्र और मुंबई के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। चौथे दिन लंच तक मप्र ने मुंबई के 374 रनों के स्कोर के जवाब 6 विकेट के नुकसान पर 475 रन बना लिए हैं।
इस दौरान मप्र के बल्लेबाज़ रजत पाटीदार ने अपना शतक पूरा किया और वह 120 रन बनाकर नाबाद हैं। पाटीदार मप्र के लिए इस पारी में शतक ठोकने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं, उनसे पहले यश दुबे और शुभम शर्मा ने ये कारनामा किया था। लंच तक मध्य प्रदेश ने मुंबई पर 101 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
लंच तक मप्र मुंबई से 101 रन आगे हो गई है, रजत पाटीदार ने 120 और सारांश जैन 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। पाटीदार ने 163 गेंदों पर अपना 8वां फर्स्ट क्लास शतक जड़ा है।
फाइनल मुकाबले के चौथी दिन मुंबई के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की है। पहले ही सेशन में तीन विकेट लेकर मुंबई ने मध्यप्रदेश के रनों की रफ्तार पर लगाम लगाई है।
इससे पहले युवा बल्लेबाज यश दुबे और शुभम शर्मा की शतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी के दम पर मध्य प्रदेश ने मुंबई के खिलाफ अपने पहले खिताब की ओर मजबूत कदम बढाये।
दुबे ने 236 गेंद में 14 चौकों की मदद से 113 और शुभम ने 215 गेंद में 15 चौके और एक छक्का जड़ 116 रन की पारी खेलकर टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।