नई दिल्ली। बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2026 से जुड़ा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश क्रिकेट के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। इसी बीच यह खबर सामने आई कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने BPL के प्रेजेंटेशन पैनल से भारतीय प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक को बाहर कर दिया है। हालांकि, अब इस पूरे मामले पर खुद रिद्धिमा पाठक ने स्थिति साफ कर दी है।
रिद्धिमा पाठक ने बताया सच
सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बीच रिद्धिमा पाठक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सच्चाई सामने रखी। उन्होंने लिखा कि उन्हें BPL से “निकाला” नहीं गया है, बल्कि यह फैसला उनका अपना था।
रिद्धिमा ने कहा, “सच मायने रखता है। पिछले कुछ घंटों से यह कहानी चल रही है कि मुझे BPL से बाहर कर दिया गया है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। मैंने खुद यह निर्णय लिया कि मैं इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनूंगी। मेरे लिए मेरा देश सबसे पहले है और क्रिकेट किसी भी एक असाइनमेंट से कहीं बड़ा है।”
उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ क्रिकेट की सेवा की है और आगे भी खेल की भावना के साथ खड़ी रहेंगी। रिद्धिमा ने समर्थन में मिले संदेशों के लिए लोगों का आभार भी जताया।
मुस्तफिजुर विवाद के बाद बढ़ा तनाव
मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े IPL फैसले से नाराज बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत में होने वाले अपने मैचों के वेन्यू बदलने की मांग की थी। BCB का तर्क था कि सुरक्षा कारणों से उनके ग्रुप मैच भारत से बाहर, श्रीलंका में कराए जाएं।
ICC का सख्त रुख
इस मामले पर ICC ने स्पष्ट रुख अपनाया है। NDTV से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ICC अध्यक्ष जय शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने BCB से बातचीत के बाद साफ कर दिया है कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। बांग्लादेश को अपने तय मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे, अन्यथा उन्हें अंक गंवाने पड़ सकते हैं।
बांग्लादेश के तय मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश को
7 फरवरी को वेस्टइंडीज,
9 फरवरी को इटली,
14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में
और
17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मुंबई में मुकाबला खेलना है।
हालांकि BCB ने अब तक ICC के फैसले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन साफ है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संस्था ने वेन्यू बदलने की मांग को खारिज कर दिया है।
इस तरह BPL से शुरू हुआ विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है, जिसमें प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक का बयान और ICC का फैसला दोनों ही अहम मोड़ साबित हो रहे हैं।