दुबई। भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत को पाकिस्तान से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में ही झटके लगे। टीम ने महज 20 रन पर ही अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा (5), कप्तान सूर्यकुमार यादव (1) और शुभमन गिल (12) सस्ते में पवेलियन लौट गए।
इसके बाद चौथे विकेट के लिए तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 50 गेंदों में 57 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। हालांकि, अच्छी लय में नजर आ रहे संजू को अबरार अहमद ने आउट कर दिया। उन्होंने 21 गेंदों पर 24 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था।
इसके बाद तिलक वर्मा को शिवम दुबे का साथ मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन जोड़कर भारत को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। हालांकि, इसी बीच फहीम अशरफ ने दुबे को चलता किया और मुकाबले में फिर से रोमांच लौटा दिया। दुबे ने 22 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन की तेज पारी खेली। हालांकि तिलक वर्मा अंत तक टिके रहे और भारत को एक यादगार जीत दिलाई। उन्होंने 53 गेंदों पर 69 रन बनाए।
इससे पहले मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत का ये फैसला सही भी साबित हुआ। हालांकि शुरुआत में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने जरूर हाथ दिखाए लेकिन बाद में भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान बल्लेबाज टिक न सके और पाकिस्तानी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 146 रनों पर सिमट गई है।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने शानदार 57 रन की पारी खेली और फखर ज़मान ने भी 46 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज़ एक समय मैच को संभालते हुए लग रहे थे लेकिन जैसे ही भारतीय स्पिनरों ने लय पकड़ी, पाकिस्तानी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। मोहम्मद हारिस, आगा सलमान, हुसेन तलत और शाहीन अफरीदी जैसे खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर सके और जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए।
भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार लय दिखाई। कुलदीप यादव ने तो गज़ब का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाज़ी ने पाकिस्तान की निचली क्रम की उम्मीदों को पूरी तरह तोड़ दिया। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। हर ओवर में भारत का आत्मविश्वास बढ़ता गया और पाकिस्तान का स्कोर थमता चला गया, और पूरी पाकिस्तानी टीम 146 रनों पर सिमट गई।
भारत ने 11वीं बार खेला फाइनल
एशिया कप 1984 से हो रहा है और भारतीय टीम 11वीं बार फाइनल खेलने जा रही है। 1984 एशिया कप का खिताब भी भारत ने ही जीता था, लेकिन तब फाइनल मैच नहीं हुआ था। भारतीय टीम लीग राउंड में पहले स्थान पर रहने की बदौलत चैंपियन बनी थी। आंकड़ों की बात करें तो इस फॉर्मेट में भारत का पलड़ा हमेशा से भारी रहा है। साल 2007 से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 15 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 11 मैच भारत ने जीते, जबकि पाकिस्तान केवल 3 मैच ही अपने नाम कर पाया। एक मुकाबला टाई रहा, जिसे बॉल-आउट में टीम इंडिया ने अपने पक्ष में किया।
इसी साल दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला गया, जिसमें भारत ने 5 विकेट से बाज़ी मारी। पाकिस्तान ने पहली बार 25 दिसंबर 2012 को भारत के खिलाफ टी20 में जीत दर्ज की थी। हालांकि, इसके बाद उसे लगातार चार हार झेलनी पड़ी। साल 2021 से 2022 के बीच दोनों टीमों के बीच 4 मुकाबले हुए, जिनमें 2-2 की बराबरी रही।