कोलंबो| ICC Men’s T20 World Cup के ग्रुप स्टेज में रविवार (15 फरवरी) को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के R. Premadasa Stadium में आयोजित होगा। टॉस भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 7 बजे डाली जाएगी।
भारत की प्लेइंग-11 में बदलाव के संकेत
भारतीय टीम में इस मुकाबले के लिए कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma फिट होकर टीम में वापसी के लिए तैयार हैं। पेट में संक्रमण के कारण वह नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन 14 फरवरी को उन्होंने नेट्स में अभ्यास किया। उनकी वापसी से Sanju Samson को बाहर बैठना पड़ सकता है।
कोलंबो की पिच स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट चाइनामैन स्पिनर Kuldeep Yadav को अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है। अगर कुलदीप खेलते हैं तो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज Arshdeep Singh को बाहर बैठना पड़ सकता है।
तेज आक्रमण की अगुवाई Jasprit Bumrah करेंगे, जबकि नई गेंद से उनके साथ Hardik Pandya जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। स्पिन विभाग में Axar Patel और Varun Chakravarthy विकल्प के रूप में मौजूद हैं। कप्तान Suryakumar Yadav ने मैच से पहले कहा, “जब हम मैदान पर उतरेंगे तो उत्साह जरूर होगा, लेकिन कोई दबाव नहीं है। यह एक बड़ा अवसर है।”
पाकिस्तान की रणनीति: पांच स्पिनरों पर दांव
पाकिस्तान की टीम भी स्पिन रणनीति के साथ उतर सकती है। कप्तान Salman Ali Agha के नेतृत्व में टीम पांच स्पिन विकल्पों—Shadab Khan, Abrar Ahmed, Mohammad Nawaz, Saim Ayub और मिस्ट्री स्पिनर Usman Tariq—के साथ मैदान में उतर सकती है।
हाल ही में अमेरिका के खिलाफ भी पाकिस्तान ने पांच स्पिनरों की रणनीति अपनाई थी। टीम के तेज आक्रमण की कमान Shaheen Afridi संभालेंगे। कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, “कप्तानी अतिरिक्त जिम्मेदारी लाती है। जब आप 25 करोड़ से ज्यादा लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं, तो यह गर्व और जिम्मेदारी दोनों का एहसास कराता है।”