मुंबई। ICC Men’s T20 World Cup 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार (5 मार्च) को भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला Wankhede Stadium, Mumbai में खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। हालांकि इंग्लैंड के लिए उनका ये फैसला भारी पड़ गया। भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और निर्धारित 20 ओवरों में 253 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया।
भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में संजू सैमसन का अहम योगदान रहा। उन्होंने 42 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और आठ छक्के लगाए। उनके अलावा ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 39, शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए। हालांकि अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और महज 9 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन को शामिल किया है, जबकि भारतीय टीम ने अपनी पिछली प्लेइंग इलेवन को बरकरार रखा है।
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।
इस मुकाबले की विजेता टीम रविवार (8 मार्च) को Narendra Modi Stadium, Ahmedabad में होने वाले फाइनल में New Zealand से भिड़ेगी। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में South Africa को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है।
भारत और इंग्लैंड की टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं। 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी, जबकि 2024 में भारत ने बाजी मारी थी। मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय टीम सुपर-8 चरण में एक मैच हारकर सेमीफाइनल तक पहुंची है, जबकि इंग्लैंड की टीम अब तक अजेय रही है।