टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान को एक और करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम को मौजूदा चैंपियन भारत ने 61 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अपनी आठवीं जीत दर्ज कर ली। 8-1 की यह बढ़त किसी एक टीम के खिलाफ इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड बन गई है।
भारत की इस एकतरफा जीत के बाद पूर्व क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य K. Srikkanth ने पाकिस्तान के प्रदर्शन पर तीखी टिप्पणी की। अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले को भले ही दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता कहा जाता हो, लेकिन मौजूदा हालात में भारत की ‘सी टीम’ भी पाकिस्तान को आसानी से हरा सकती है।
पाकिस्तान की गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर उठाए सवाल
श्रीकांत ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण और बल्लेबाजी क्रम पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कभी वसीम अकरम , वक़ार यूनिस और इमरान खान जैसे दिग्गज गेंदबाज देने वाली टीम आज एक प्रभावी तेज गेंदबाज के लिए जूझ रही है। उन्होंने शाहीन अफरीदी और बाबर आज़म के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि टीम में वह धार नजर नहीं आ रही, जो बड़े मुकाबलों में दिखनी चाहिए। श्रीकांत के मुताबिक, पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेहद दबाव में दिखी और टीम कभी मुकाबले में नजर ही नहीं आई।
‘अभ्यास मैच’ जैसा रहा मुकाबला
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान की मौजूदा हालत ऐसी हो गई है कि वह लगभग हर टीम से संघर्ष कर रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि भारत की चौथी या ‘सी टीम’ को भी मौका दिया जाए तो वह पाकिस्तान को मात दे सकती है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता हमेशा चर्चा में रहती है, लेकिन 8-1 की मौजूदा स्कोरलाइन ने दोनों टीमों के बीच बढ़ते अंतर को साफ तौर पर उजागर कर दिया है।