टी-20 विश्व कप 2026 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है। इस हाईवोल्टेज मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हैं, लेकिन कोलंबो से आ रही मौसम की खबरें फैंस की चिंता बढ़ा रही हैं।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को कोलंबो में बारिश की प्रबल संभावना है। दिनभर करीब 94% वर्षा की आशंका जताई गई है। हालांकि मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होना है और उस समय बारिश की संभावना लगभग 50% के आसपास बताई जा रही है। ऐसे में मुकाबले के प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि नमी (ह्यूमिडिटी) करीब 75% रहने का अनुमान है, जो खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां पैदा कर सकता है।
अगर मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ेगा। अंक तालिका पर नजर डालें तो भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने शुरुआती दो-दो मैच जीतकर 4-4 अंक हासिल किए हैं और शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं। हालांकि नेट रन रेट बेहतर होने के कारण भारत शीर्ष स्थान पर बना रहेगा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन/अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।