नई दिल्ली। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के बाद उनकी जगह जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल कर लिया है। देश में हुए विवाद के बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था। अब उनकी जगह 29 वर्षीय मुजरबानी को स्क्वॉड में शामिल किया गया है, जिससे पाकिस्तान में भी नया विवाद खड़ा हो गया है।
PSL छोड़कर IPL खेलने का फैसला
ब्लेसिंग मुजरबानी इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम का हिस्सा थे। उन्हें वहां शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था।लेकिन जैसे ही उन्हें आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने का मौका मिला, उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल खेलने का फैसला कर लिया।
PCB ले सकता है कानूनी कार्रवाई
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब मुजरबानी के खिलाफ लीगल एक्शन लेने पर विचार कर रहा है। जियो सुपर की रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड इस मामले की जांच कर रहा है और जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल छोड़कर आईपीएल खेलने का फैसला किया हो। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही किया था। 2025 में पेशावर जाल्मी ने उन्हें डायमंड प्लेयर के तौर पर चुना था, लेकिन बाद में वह बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ गए थे।
टी20 वर्ल्ड कप में किया था शानदार प्रदर्शन
ब्लेसिंग मुजरबानी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 6 मैचों में 13 विकेट लिए और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में उन्होंने चार विकेट लेकर जिम्बाब्वे को यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 तक पहुंचने में सफल रही थी।