अंडर-19 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार, 6 फरवरी को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। यह खिताबी मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्थित हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित हो रहा है। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अब इंग्लैंड को खिताब जीतने के लिए 412 रन बनाने होंगे।
भारतीय पारी के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐतिहासिक बल्लेबाजी की। वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 218 से ज्यादा का रहा। वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी के साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया और साथ ही टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने 51 गेंदों में 53 रन की उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि वह अपने अर्धशतक को शतक में नहीं बदल सके। इसके अलावा अभिज्ञान कुंडू ने भी अहम योगदान देते हुए 40 रन बनाए और भारतीय स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में मदद की। अब सभी की निगाहें इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर टिकी हैं, जहां उसे इतिहास रचने के लिए 412 रन का कठिन लक्ष्य हासिल करना होगा।