नई दिल्ली। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की शुरुआत 2019 में हुई थी और अब तक इसके दो फाइनल खेले जा चुके हैं। अगला फाइनल 2025 में खेला जाएगा, जिसको लेकर सभी टीमें कड़ी मेहनत कर रही हैं। अंक तालिका में शीर्ष दो टीमों को फाइनल खेलने का मौका मिलता है।
भारतीय टीम पिछली दो बार से फाइनल खेल रही है। टीम इंडिया की इस कामयाबी में दो दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का काफी योगदान रहा है। यह दोनों विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2019-25*) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष-15 की लिस्ट में भी शामिल हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में रोहित ने पांच रन बनाए थे, जबकि विराट ने 38 रन की पारी खेली थी। इस पारी के साथ ही विराट WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में 10वें स्थान पर पहुंच गए और रोहित को पीछे छोड़ दिया।
विराट के नाम अब इस चैंपियनशिप में 35 टेस्ट की 57 पारियों में 38.90 की औसत से 2101 रन हैं। इनमें चार शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, रोहित 11वें स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने 26 टेस्ट की 42 पारियों में 2097 रन हैं। इस दौरान उनका औसत 52.42 का रहा है। रोहित ने अब तक सात शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं।
इसके अलावा अन्य भारतीय में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे विराट-रोहित के बाद हैं। पुजारा ने 62 पारियों में 1769 रन (16वें स्थान) और रहाणे ने 49 पारियों में 1589 रन (20वें स्थान) बनाए हैं। WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शीर्ष पर इंग्लैंड के जो रूट हैं। उन्होंने इस दौरान 47 टेस्ट की 86 पारियों में 50.46 की औसत से 3987 रन बनाए हैं। इनमें 12 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ हैं। लाबुशेन ने 71 पारियों में 55.45 की औसत से 3660 रन बनाए हैं। इनमें 11 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, स्मिथ ने 67 पारियों में 52.83 की औसत से 3223 रन बनाए हैं। इनमें नौ शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं।
WTC (2019 से अब तक) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज)
बल्लेबाज पारी रन 100s 50s
जो रूट 86 3987 12 16
मार्नस लाबुशेन 71 3660 11 16
स्टीव स्मिथ 67 3223 9 15
बेन स्टोक्स 73 2710 7 12
बाबर आजम 48 2570 8 15
उस्मान ख्वाजा 49 2412 7 11
डेविड वॉर्नर 65 2326 5 7
ट्रेविस हेड 58 2312 5 11
दिमुथ करुणारत्ने 45 2160 6 12
विराट कोहली 57 2101 4 9
रोहित शर्मा 42 2097 7 6
जैक क्राउली 61 2056 4 9
जॉनी बेयरस्टो 57 1998 6 6
केन विलियम्सन 32 1809 7 2
क्रेग ब्रेथवेट 56 1797 3 12