कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप में भारत से मिली 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल सा आ गया है। पूर्व कप्तान और दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन बिना आखिरी गेंद तक लड़े इस तरह हथियार डाल देना समझ से परे है।
‘टॉस पर ही कर दी बड़ी गलती’
अकरम ने मैच का विश्लेषण करते हुए कहा कि टॉस इस मुकाबले में बेहद अहम था। उनके मुताबिक, पाकिस्तान की असली ताकत स्पिन गेंदबाजी थी और धीमी पिच पर लक्ष्य का बचाव करना बेहतर फैसला होता। उन्होंने कहा, “अगर आपकी स्ट्रेंथ बॉलिंग है तो आपको टारगेट डिफेंड करना चाहिए था। हमारी स्पिनर्स इस विकेट पर असर डाल सकते थे, लेकिन हमने गलत फैसला लिया।”
‘47 रन पर एक विकेट… फिर भी बदलाव नहीं’
अकरम ने कप्तानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भारत का स्कोर 6 ओवर में 47 रन था और एक विकेट गिर चुका था, तब पाकिस्तान को आक्रामक रणनीति अपनानी चाहिए थी। उन्होंने सवाल किया कि उस्मान तारिक को टीम में रखने का फायदा क्या हुआ, अगर जरूरत के समय उनसे गेंदबाजी ही नहीं कराई गई? अकरम ने कहा, “टी20 में परिस्थिति के हिसाब से फैसले लेने होते हैं। आपको विकेट चाहिए था, लेकिन गेंदबाजी में बदलाव नहीं किया गया। अबरार दबाव में दिखे और शॉर्ट गेंदबाजी कर रहे थे।”
भारतीय तेज गेंदबाजों की तारीफ
पाकिस्तानी दिग्गज ने भारतीय गेंदबाजों की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने दोनों छोर से तेज गेंदबाजों को लगाया और शानदार कंट्रोल दिखाया। अकरम बोले, “भारतीय तेज गेंदबाजों ने लेंथ पर बेहतरीन कंट्रोल रखा और विकेट निकाले। इसे कहते हैं मैच को कंट्रोल करना।”
‘मेंटल स्ट्रेंथ पर काम करना होगा’
‘स्विंग ऑफ सुल्तान’ के नाम से मशहूर अकरम ने आगे कहा कि अब गलती हो चुकी है, लेकिन टीम को मानसिक रूप से मजबूत होना होगा।
उन्होंने कहा, “पीसीबी, कोच या मैनेजर कोई मदद नहीं कर सकता। खिलाड़ियों को खुद पर विश्वास करना होगा। बड़े मैच जीतने के लिए मेंटल लेवल पर काम जरूरी है।”
सुपर 8 की राह मुश्किल
अब पाकिस्तान के सामने करो या मरो की स्थिति है। सुपर 8 में पहुंचने के लिए उसे अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं और कुछ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर बैठाया जा सकता है। भारत से मिली इस हार ने न सिर्फ अंकतालिका में झटका दिया है, बल्कि टीम की रणनीति और कप्तानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पाकिस्तान वापसी कर पाता है या नहीं।