सर्दियों के मौसम में त्वचा का रूखा और बेजान होना आम बात है। ऐसे में होंठों के फटने की दिक्कत भी काफी बढ़ जाती है। कई बार स्थिति ऐसी भी हो जाती है जब होंठों से केवल खाल ही नहीं निकलती, बल्कि कभी-सभी खून भी निकलने लगता है। जिसकी वजह से दर्द तो बर्दाश्त करना ही पड़ता है। साथ ही चेहरे की सुंदरता भी कम होने लगती है।

इस दिक्कत से निजात पाने के लिए लोग वैस्लीन, जैली, लिप बाम जैसी चीजों की मदद लेते हैं, लेकिन राहत फिर भी नहीं मिल पाती है। ऐसे में आप फटे होंठों को कोमल और गुलाबी बनाने वाले इन घरेलू नुस्खों को अपना सकते हैं। आइये जानते हैं इन घरेलू नुस्खों के बारे में।
होंठों पर लगाएं नारियल तेल

फटे होंठों की दिक्कत को दूर करने के लिए आप दिन में दो-तीन बार होंठों पर नारियल का तेल लगाएं। साथ ही रात को सोने से पहले भी इसको होठों पर इस्तेमाल करें। इससे त्वचा मुलायम होगी और होठों के दर्द से भी आराम मिलेगा।
होंठों पर करें हल्दी का इस्तेमाल

होंठों से खून आने की स्थिति में आप हल्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप रोज़ाना रात को सोने से पहले दो चुटकी हल्दी को चौथाई चम्मच दूध में मिलाकर होठों पर लगाएं। इससे होंठों की दरारें भी भरने लगेंगी साथ ही स्किन भी सॉफ्ट और पिंक होगी।
होंठों पर लगाएं बादाम का तेल

बादाम का तेल भी फटे होंठों से राहत देने में बहुत काम आता है। इसके लिए आप रोज़ाना रात को सोने से पहले होंठो पर बादाम का तेल लगा कर कुछ देर होंठों की मसाज करें। इससे होंठों को नमी मिलेगी साथ ही स्किन मुलायम और गुलाबी बनेगी।
होठों पर शहद इस्तेमाल करें

होठों पर शहद इस्तेमाल करने से भी फटे होंठों की दिक्कत आसानी से दूर होती है। रोजाना रात को सोने से पहले शहद से होंठो की मसाज करें. इससे होंठों की दरारें भरने लगेंगी, होंठ मुलायम बनेंगे, साथ ही दर्द की समस्या भी कम होगी।
चीनी के साथ होंठों पर लगाएं शहद

होठों से निकलने वाली डेड स्किन से छुटकारा पाने के लिए आप चीनी के साथ होंठों पर शहद का इस्तेमाल करें। इसके लिए आप दो चुटकी चीनी में दो बूंद शहद मिलाकर इसे होंठों पर स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें। इससे फटे होंठ सही होंगे साथ ही होंठ मुलायम और गुलाबी भी बनेंगे।
होंठो पर लगाएं मलाई

फटे होठों को मुलायम और गुलाबी बनाने के लिए मलाई भी काफी असरदार है। इसके लिए आप रोजाना सोने से पहले अपने होठों पर मलाई लगा कर दो-तीन मिनट तक होठों की मसाज करें। इससे फटे होठों की दिक्कत भी खत्म होगी और होंठ मुलायम भी बनेंगे।