नई दिल्ली। अमेरिका में लंबे समय तक कहर बरपाने के बाद कोरोना संक्रमण बहुत कम हो गया है। बीते 24 घंटे में यहां कोरोना के लगभग 10 हजार नए मामले सामने आए। इस दौरान 205 लोगों की मौत हो गई।
ताजा आंकड़ो के मुताबिक अमेरिका में कोरोना वायरस से 6 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, 113 दिन में 1 लाख मौतें हुईं हैं। हालांकि अब वैक्सीनेशन की वजह से मौतों का आंकड़ा बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ी है।
मौतों का आंकड़ा 5 लाख से 6 लाख तक पहुंचने में 113 दिन का वक्त लगा है। इससे पहले 4 लाख से 5 लाख मौतें होने में 35 दिन ही लगे थे। मौतों की रफ्तार में कमी की वजह वैक्सीनेशन को माना जा रहा है।
रॉयटर्स के डेटा के मुताबिक, अमेरिका में मई में 18,587 मौतें दर्ज हुईं जो जनवरी की तुलना में 81% कम है। जनवरी में वहां पीक आया था। अमेरिका में अब कोरोना की रफ्तार भले ही धीमी पड़ गई हो, लेकिन अब तक सबसे ज्यादा मौतें यहीं हुई हैं।