मुंबई। हाल ही में महाराष्ट्र की सत्ता गंवाने वाली शिवसेना को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। नवी मुम्बई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में शिवसेना के 32 कॉर्पोरेटरों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को समर्थन दिया है।
खबर यह भी आ रही है कि कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका में शिवसेना के 55 कॉर्पोरेटरों ने एकनाथ शिंदे गुट को समर्थन दिया है। कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका के अध्यक्ष राजेश मोरे भी शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं।
नवी मुंबई के कॉर्पोरेटरों ने कहा कि हम एकनाथ शिंदे के साथ रहेंगे। एकनाथ शिंदे को एक छोटा कार्यकर्ता भी फोन करता है, तो वे जवाब देते हैं। उद्धव ठाकरे के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
बता दें कि एक दिन पहले ही ठाणे में शिवसेना के 67 में से 66 पार्षदों ने एकनाथ शिंदे से मिलकर समर्थन दिया था। ठाणे नगर निगम मुंबई के बाद प्रमुख नगर निगम मानी जाती है।
9 निगमों में से तीन पर शिवसेना को झटका
मुंबई महानगर क्षेत्र में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, मीरा भायंदर, वसई-विरार, पनवेल और भिवंडी निजामपुर जैसी 9 महत्वपूर्ण नगर निगम हैं।
ठाणे में एकनाथ शिंदे की पकड़ पहले से ही मजबूत मानी जाती है। अब शिंदे ने 3 नगर निगम पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। माना जा रहा कै कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ सकती है।
बगावत से गिरी थी महाविकास आघाड़ी सरकार
गौरतलब है कि एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र विधानपरिषद के चुनाव नतीजों के बाद बगावत कर दी थी। शिवसेना में टूट के चलते उद्धव के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार गिर गई। इसके बाद एकनाथ शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। शिंदे खेमे में 40 शिवसेना के और 10 निर्दलीय विधायक शामिल हैं।