मुंबई। बिग बॉस फेम एक्टर अरमान कोहली को नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार कर लिया है। एनसीबी की टीम ने शनिवार शाम उनके घर पर छापेमारी की थी। इस दौरान उनके घर से ड्रग्स बरामद की गई।
अरमान कोहली के अलावा ड्रग पेडलर अजय राजू सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। एनडीपीएस एक्ट 21(ए), 27(ए), 28, 29, 30, & 35 के तहत उनकी गिरफ्तारी हुई है। शनिवार को एनसीबी ने मुंबई के अंधेरी स्थित अरमान कोहली के घर पर छापा मारा था।
दोपहर दो बजे के आस-पास शुरू हुई छापेमारी छह घंटे तक चली और रात आठ बजे खत्म हुई। आरोप है कि अभिनेता के घर से थोड़ी मात्रा में कोकीन जब्त की गई।
इससे पहले एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े ने बताया कि ‘छापेमारी के बाद अरमान कोहली सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। उन्हें एनसीबी ऑफिस में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।’