लखनऊ। यूपी के बरेली से निकाह को लेकर अहम नोटिस जारी किया गया है। दरगाह आला हजरत में अब घर से भागकर आए जोड़ों का निकाह नहीं होगा। इसकी जानकारी दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां की ओर से नोटिस जारी कर दी गई है। वहीं दरगाह पर पोस्टर भी लगाए गए हैं।
बता दें की आला हजरत दरगाह परिसर में अब घर से भागकर आने वाले लड़के-लड़कियों का निकाह नहीं पढ़ाया जाएगा। दरगाह प्रमुख एवं मरकजे अहले सुन्नत के मुतवल्ली मौलाना सुब्हान रजा खां सुब्हानी मियां की ओर से इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि तमाम लड़कियाें और लड़कों का घर से भागकर कोर्ट, दरगाहों या मस्जिदों में निकाह करना आम है लेकिन कोई भी विवाद होने पर दरगाह और मस्जिदों में निकाह पढ़ाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी वजह से दरगाह आला हजरत में ऐसे जोड़ों का निकाह पढ़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
वहीं सुब्हानी मियां ने आगाह किया है कि अगर इन जगहों पर किसी ने निकाह पढ़ाया या यहां निकाह पढ़ाए जाने का झूठा इल्जाम लगाया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।