रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस को इलाके से संदिग्ध नाव मिली है। नाव से एके-47 राइफल, जिंदा कारतूस और गोला-बारूद बरामद हुआ है। इसके मद्देनजर रायगढ़ इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जन्माष्टमी से एक दिन पहले और गणेश चतुर्थी से कुछ दिन पहले रायगढ़ में संदिग्ध नाव का मिलना और नाव से भारी मात्रा में हथियार बरामद होना बड़ा सवाल पैदा कर रहा है।
महाराष्ट्र के रायगढ़ के एसपी अशोक ने जानकारी दी कि हरिहरेश्वर समुद्री तट से पुलिस को संदिग्ध नाव मिली है। नाव की जब तलाशी ली गई तो उसमें से राइफल, जिंदा कारतूस और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इसके पीछे बड़ी आतंकी साजिश हो सकती है। सूत्रों ने बताया है कि नाव ऑस्ट्रेलियन है। इस पर कुछ लोग सवार थे। हालांकि, इन लोगों ने कोस्ट गार्ड को तट पर आने की सूचना नहीं दी।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि आगामी 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी है और रायगढ़ के इस इलाके में गणेश विसर्जन के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में तमाम पहलुओं के मद्देनजर पुलिस ने रायगढ़ इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है।
जांच के लिए विशेष टीम का गठन
रायगढ़ से विधायक अदिति तटकरे ने मीडिया को जानकारी दी कि यह मामला काफी संगीन है। इसलिए जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। विधानसभा में भी मैंने यह मुद्दा उठाया था। स्पीकर ने बताया कि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस जो गृह मंत्रालय भी देख रहे हैं। वो इस मामले में अपने स्तर पर जांच के आदेश दे चुके हैं।