नई दिल्ली। भाजपा ने नीतीश कुमार के 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के पीएम कैंडिडट बनने की संभावनाओं पर तंज कसा है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने उन्हें ‘लंगड़ा मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार बिहार के साथ-साथ दूसरे राज्यों में अपनी पार्टी को कमजोर होते देख रहे हैं, लेकिन वे प्रधानमंत्री बनने का सपना देखते हैं।
दरअसल, भाजपा से नाता तोड़ने के बाद नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को मणिपुर में बड़ा झटका लगा। उनके पांच विधायक शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। इसी को लेकर भाजपा ने नीतीश कुमार का मजाक उड़ाया है।
गौरतलब है नीतीश कुमार ने बिहार में एनडीए के साथ अपना गठबंधन तोड़कर राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन की सरकार बनाई। इसके बाद से उनकी पार्टी के नेताओं के द्वारा लगातार उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जा रहा है, हालांकि उन्होंने अभी तक ऐसी किसी भी संभावना को खारिज किया है।
मणिपुर में जेडीयू को बड़ा झटका
आपको बता दें कि भाजपा-जेडीयू के बीच चल रहे वाक युद्ध के बीच जॉयकिशन, एन सनाटे, मोहम्मद अचब उद्दीन, पूर्व डीजीपी एल एम खौटे और थंगजाम अरुणकुमार मणिपुर में भाजपा में शामिल हो गए। खौटे और अरुणकुमार ने पहले भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने की मांग की थी, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था। इसके बाद वे जेडीयू में शामिल हो गए थे।
नीतीश बनाम बीजेपी
वैसे तो, नीतीश कुमार अपनी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को लेकर जारी अटकलों को टालते रहे हैं लेकिन, बिहार जेडीयू के नेता इससे बिल्कुल इनकार नहीं कर रहे हैं। शनिवार और रविवार को पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले पटना में पार्टी मुख्यालय के बाहर एक पोस्टर लगा। पोस्टर पर लिखा है, ‘प्रदेश में दिखा, देश में दिखेगा’।