लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले महीने विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। लेकिन इससे पहले कई सीटों पर नेताओं के बीच की जंग दिलचस्प हो गई है। इन्हीं में से एक सीट गोरखपुर सदर की है। हाल ही में इस विधानसभा सीट से बीजेपी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को अपना उम्मीदवार घोषित किया था।
लेकिन अब इस सीट से आजाद समाज पार्टी के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। चंद्रशेखर ने गुरूवार को ऐलान किया कि वह गोरखपुर सदर सीट से योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव में उतरेंगे। इससे पहले उनकी पार्टी ने 33 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।
गोरखपुर पर टिकी सबकी निगाहें
यूपी के सीएम का गढ़ होने की वजह से इस विधानसभा चुनाव में सबकी नजर गोरखपुर पर टिकी हैं। सीएम योगी यहां की सदर सीट से पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले इस सीट से लगातार चार बार से बीजेपी के राधा मोहन दास अग्रवाल विधायक रहे हैं। राधा मोहन साल 2002 से 2017 के चुनाव तक यहां से चुनाव जीतते आए हैं। बता दें कि गोरक्षनाथ मंदिर के प्रभाव की वजह से यह सीट 1967 के बाद से बीजेपी के पास ही रही है।
चंद्रशेखर के ऐलान के बाद दिलचस्प हुआ मुकाबला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बातचीत विफल होने के बाद आजाद समाज पार्टी ने अकेले यूपी के चुनाव में उतरने का फैसला किया है। इसी कड़ी में चंद्रशेखर ने गोरखपुर सदर सीट से मैदान में उतरने का ऐलान कर इस सियासी दंगल को दिलचस्प बना दिया है। दरअसल, सीएम योगी पहली बार विधानसभा का चुनाव इसी सीट से लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले योगी आदित्यनाथ केवल लोकसभा का ही चुनाव लड़ते आए हैं। वहीं सदर सीट से लगातार विधायक रहे राधा मोहन दास अग्रवाल टिकट कटने की वजह बगावती तेवर भी अपना सकते हैं। जिससे इस सीट पर बीजेपी का वोट बंट सकता है। ऐसे में चंद्रशेखर का गोरखपुर सदर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।