पीएम मोदी के पंजाब दौरे की वजह से मुख्यमंत्री चन्नी के हेलिकॉप्टर को इजाजत नहीं मिलने से विवाद छिड़ गया है। चन्नी ने कहा, फिरोजपुर में किसानों पर लाठियां नहीं चलाने के कारण मुझे रोकने की कोशिश हो रही है। वहीं, केजरीवाल पर हमला करते हुए चन्नी ने उन्हें झूठा-मक्कार बताते हुए दावा किया कि केजरीवाल अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान को हराना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली के बाद जालंधर में मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि ‘आज मुझे उड़ने से रोक दिया गया। पूरे दिन मुझे प्रचार नहीं करने दिया, क्योंकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम था। क्या मैं आतंकवादी हूं? अगर मैं फिरोजपुर में किसानों पर लाठी चला देता तो सब ठीक रहता। प्रधानमंत्री ने खुद 2014 का जिक्र किया जब उन्हें इजाजत नहीं दी गई थी। ये सब मुझे रोकने के लिए किया जा रहा है।’
कैप्टन के हवाले से कांग्रेस पर पीएम के हमले पर चन्नी ने कहा, ‘अमरिंदर सिंह को पंजाब के लोगों के हिसाब से चलना चाहिए था। उन्होंने लोगों के काम नहीं किए, वादे पूरे नहीं किए। हमेशा बीजेपी-अकाली से मिलकर रहे इसलिए नुकसान हुआ।’